नई दिल्ली। वॉक करना सेहत के लिए सबसे फायदेमंद आदतों में से एक है। यह न केवल वजन घटाने में मदद करता है, बल्कि दिल की सेहत, मेंटल हेल्थ और पाचन तंत्र को भी दुरुस्त रखता है। लेकिन इसके पूरे फायदे पाने के लिए जरूरी है कि वॉक करने का सही समय पता हो।

अक्सर लोगों के मन में यह सवाल भी उठता है कि वॉक के लिए सुबह का समय बेहतर है या शाम का? अगर आप भी इसी उलझन में फंसे हैं कि दोनों में से किस समय वॉक करना चाहिए, तो आइए इस सवाल का जवाब जानते हैं।

सुबह की वॉक के फायदे

मानसिक शांति मिलती है। सुबह के समय वातावरण शांत और प्रदूषण कम होता है। सुबह के समय खुले में वॉक करने से शरीर का ऑक्सीजन लेवल बढ़ता है, जिससे एनर्जी मिलती है और फेफड़ों को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। सुबह खाली पेट वॉक करने से मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है, जिससे पूरे दिन कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है। यह वजन घटाने वालों के लिए बेहद फायदेमंद है।
सुबह की धूप विटामिन-डी का अच्छा सोर्स है, जो हड्डियों को मजबूत बनाने और इम्युनिटी बढ़ाने में मदद करती है।
मानसिक ताजगी- सुबह की वॉक तनाव कम करती है और दिमाग को शांत करती है। इससे पूरे दिन एनर्जी और फोकस बना रहता है। सुबह का रूटीन अक्सर फिक्स होता है, इसलिए वॉक को रूटीन में शामिल करना आसान होता है।

शाम की वॉक के फायदे

तनाव कम करने में मददगार है। दिनभर की थकान और स्ट्रेस को शाम की वॉक से कम किया जा सकता है। यह मूड फ्रेश करने और अच्छी नींद लाने में मदद करती है।
रात के खाने के बाद हल्की वॉक करने से पाचन तंत्र एक्टिव होता है और गैस, एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत मिलती है।
मांसपेशियों के लिए बेहतर है। शाम के समय शरीर का तापमान थोड़ा ज्यादा होता है, जिससे मांसपेशियों में फ्लेक्सिबिलिटी आती है और चोट लगने का खतरा कम होता है।
सोशल इंटरैक्शन बढ़ता है। शाम को लोग पार्क या वॉकिंग ट्रैक पर ज्यादा नजर आते हैं, जिससे सोशल कनेक्शन बढ़ता है और वॉक करने का मनोबल बना रहता है। जो लोग सुबह जल्दी नहीं उठ पाते, उनके लिए शाम की वॉक एक अच्छा ऑप्शन है।

कौन सा समय चुनें?

वजन घटाने और मेटाबॉलिज्म बढ़ाने के लिए सुबह की वॉक बेहतर है। लेकिन अगर आपका मकसद तनाव कम करना और अच्छी नींद लेना है, तो शाम की वॉक आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।